The Aim of Science, विज्ञान का उद्देश्य - Education Field Hindi

The Aim of Science, विज्ञान का उद्देश्य - Education Field Hindi अर्थ (Meaning)- विज्ञान का शाब्दिक अर्थ है- वि ज्ञान अर्थात् विशिष्ट ज्ञान। विज्ञान

The Aim of Science

विज्ञान (Science)

अर्थ (Meaning)- विज्ञान का शाब्दिक अर्थ है- वि ज्ञान अर्थात् विशिष्ट ज्ञान। विज्ञान (Science) शब्द की व्युत्पत्ति लेटिन क्रिया "Scientia" से हुई है, जिसका अर्थ है "जानना" (To know)। ज्ञान का सम्बन्ध जानने से होता है। संस्कृत शब्द "विज्ञान" और अरबी शब्द "इल्म" समानार्थी शब्द हैं जिनका अर्थ होता है- "संगठित ज्ञान"। आदिकाल से ही मानव अपने चारों ओर घटने वाली प्राकृतिक परिघटनाओं, जैसे- रात-दिन का होना, ऋतु में परिवर्तन होना, भूकम्प के झटके लगना, ज्वालामुखी का विस्फोट होना, उल्कापात होना इत्यादि के कारणों को समझने का प्रयास करता रहा है। उसमें प्रकृति के नियमों को जानने एवं प्राकृतिक परिघटनाओं का रहस्योद्घाटन करने की जिज्ञासा रही है। इस अध्ययन में उसने अपनी ज्ञानेन्द्रियों (आँख, कान, नाक, जिह्वा एवं त्वचा) का सहारा लिया। मस्तिष्क के क्रमशः विकसित होने पर उसने अनेक यंत्रों का आविष्कार भी किया। प्राप्त ज्ञान को उसने प्रयोगों एवं तर्कों की कसौटी पर कसा। यदि आवश्यक हुआ तो उसमें संशोधन भी किया। इस प्रकार उसने सुव्यवस्थित ढंग से जो ज्ञान प्राप्त किया, उसे विज्ञान कहा गया।

प्राकृतिक परिघटनाओं के सुव्यवस्थित एवं क्रमबद्ध प्रेक्षणों, सुसंगत तर्कों एवं प्रयोगों से प्राप्त ज्ञान को विज्ञान कहते हैं।

विज्ञान का उद्देश्य (Aim of science)-

विज्ञान का उद्देश्य हमारे चारों ओर घटने वाली घटनाओं को जितना अधिक से अधिक सम्भव हो सरलता से एवं गहराई से समझना है तथा इस प्रकार प्राप्त ज्ञान का उपयोग घटनाओं को नियंत्रित करने, भविष्यवाणी करने तथा जनकल्याणकारी बनाने में करना है। समय के साथ विज्ञान का क्षेत्र विस्तृत हो रहा है। अतः अध्ययन की सुविधा के लिए उसको दो शाखाओं में वर्गीकृत किया गया है-

(i) भौतिकीय विज्ञान (Physical science)- इसके अन्तर्गत भौतिकी, रसायन विज्ञान, गणित, भू-विज्ञान, खगोल विज्ञान आदि का अध्ययन किया जाता है।

(ii) जैव विज्ञान (Biological science) - इसके अन्तर्गत जीव विज्ञान, वनस्पति विज्ञान आदि का अध्ययन किया जाता है।

Post a Comment